धनतेरस के दिन दर्दनाक सड़क हादसा; तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंदा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

धनतेरस के दिन दर्दनाक सड़क हादसा; तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंदा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक बेहद मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। धनतेरस के पावन पर्व के दिन कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल पर सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण सड़क हादसे में पिता और उनके दो बच्चों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। त्योहार के दिन एक ही परिवार के तीन लोगों की अर्थी उठने की खबर से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रामचंद्र ध्रुव (39 वर्ष), उनकी पुत्री निहारिका ध्रुव (16 वर्ष) और पुत्र टोमेश ध्रुव (12 वर्ष) के रूप में हुई है। यह परिवार भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खैरताल का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि यह परिवार किसी जरूरी काम से बलौदाबाजार पोस्ट ऑफिस पैसे निकालने आया था और काम पूरा होने के बाद अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहा था।

इसी दौरान, बलौदाबाजार के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रवान मुख्य मार्ग पर मंसा चौक के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक CG08 AX601) ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार भिजवा दिया है। वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है तथा ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।