मटका बांधने के दौरान करंट की चपेट में आया युवक, दो दिन बाद मौत
बिलासपुर। जन्माष्टमी की तैयारियों के बीच राजीव गांधी चौक, जरहाभाठा में दर्दनाक हादसा हो गया। स्वागत गेट पर मटका बांधने के दौरान 19 वर्षीय युवक हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। करीब दो दिन तक अस्पताल में उपचार के बाद शनिवार तड़के उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रेहान खान (19), पिता स्वर्गीय कल्लू खान, निवासी कुम्हारपारा, राजीव गांधी चौक जरहाभाठा के रूप में हुई है। बताया गया कि जन्माष्टमी के लिए वह स्वागत गेट के ऊपर चढ़कर मटका बांधने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आ गया।
हादसे में रेहान बुरी तरह झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। हालत गंभीर होने के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। शनिवार तड़के करीब 3:50 बजे उसने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, हादसे ने बिजली लाइनों के आसपास सजावट और ऊंचाई पर काम करने के दौरान सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। हादसे की परिस्थितियों और कारणों की जांच की जा रही है।
admin



