इंटेलिजेंस के साथ नशे के खिलाफ  भी अमित कुमार, विवेकानंद को नक्सल ऑपरेशन का ‘इनाम’

इंटेलिजेंस के साथ नशे के खिलाफ  भी अमित कुमार, विवेकानंद को नक्सल ऑपरेशन का ‘इनाम’
जीपी सिंह, डॉ. आनंद छाबड़ा की वापसी
रायपुर (चैनल इंडिया)। लंबे समय से बिना महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के चल रहे डीजी जीपी सिंह और एडीजी आनंद छाबड़ा को आखिरकार नई जिम्मेदारियां मिल गई हैं। दोनों की नई पोस्टिंग को इस तबादला सूची का सबसे अहम संदेश माना जा रहा है। जीपी सिंह को प्रशिक्षण और राज्य पुलिस अकादमी की जिम्मेदारी दी गई है। वे डीजीपी की दौड़ में भी शामिल रहे हैं। ऐसे में उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
वहीं डॉ. आनंद छाबड़ा को तकनीकी सेवाओं के साथ डायल-112 और दूरसंचार की कमान दी गई है। करीब ढाई साल से उनके पास भी कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं थी। एसआरपी कल्लूरी को मुख्यालय से बाहर किया गया है, लेकिन उनकी नई जिम्मेदारी को कमतर नहीं माना जा रहा। उन्हें पवन देव की जगह पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक बनाया गया है। पवन देव लंबे समय से हाउसिंग कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें नगर सेना, नागरिक सुरक्षा और अग्निशमन सेवाओं का डीजी बनाया गया है। पवन देव भी डीजीपी की दौड़ में रहे हैं।
एडीजी विवेकानंद पांच साल से नक्सल ऑपरेशन की अहम जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें अब वित्त, योजना एवं प्रबंध की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस मुख्यालय में यह सबसे महत्वपूर्ण विभागों में माना जाता है। नक्सल मोर्चे पर लंबे समय तक जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्हें मुख्यालय के इस अहम विभाग की कमान मिलना उनके कामकाज के आकलन से जोडक़र देखा जा रहा है।
इंटेलिजेंस के साथ नशे के खिलाफ भी अमित कुमार
राज्य के इंटेलिजेंस चीफ अमित कुमार की जिम्मेदारी भी बढ़ाई गई है। उन्हें अब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। यानी खुफिया तंत्र के साथ अब राज्य में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी। एडीजी प्रदीप गुप्ता को प्रशासन एवं चयन जैसे महत्वपूर्ण विभाग की कमान दी गई है। इसके साथ उन्हें संचालक अभियोजन का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है। एडीजी दीपांशु काबरा का कार्यक्षेत्र भी बढ़ाया गया है। अजाक और प्रशिक्षण के साथ अब उन्हें रेल और यातायात की जिम्मेदारी भी दी गई है। अजातशत्रु की नगर सेना में वापसी हुई है। उन्हें इंटेलिजेंस से नगर सेना, राज्य आपदा प्रबंधन बल और अग्निशमन भेजा गया है। इंटेलिजेंस में आने से पहले भी वे इसी विभाग में काम कर चुके हैं।