धनतेरस के दिन घर के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत; मां की हालत गंभीर

धनतेरस के दिन घर के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत; मां की हालत गंभीर
बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक बेहद दर्दनाक और मातम में बदलने वाली घटना सामने आई है। धनतेरस के पावन पर्व के दिन शहर के नेहरू चौक इलाके में घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से पिता और उनके मासूम पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसी महिला की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार के नेहरू चौक स्थित एक आवासीय मकान के बेहद करीब (महज पांच फीट की दूरी पर) से हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा है। बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता सबसे पहले इस हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे में पिता राकेश गुप्ता और पुत्र ईशान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसी मां वर्षा को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया है।

त्योहार के दिन हुई इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय रहवासियों द्वारा रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजर रहे खतरनाक हाईटेंशन तारों की सुरक्षा व्यवस्था और बिजली विभाग की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।