बिलासपुर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार; 10 वारदातों का खुलासा
बिलासपुर। ग्रामीण इलाकों में दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसीसीयू और कोटा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण, 1.30 लाख रुपये नकद, गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के और चोरी की रकम से खरीदे गए वाहनों समेत कुल तीन वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बिलासपुर जिले की 9 और कोरबा जिले की एक, कुल 10 चोरी की वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है।
कोरबा के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव (33), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19) के रूप में हुई है। तीनों कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र के डिपरपारा के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ जांजगीर जिले में भी दिन के समय चोरी के 19 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।
खेतों में जाते थे ग्रामीण, पीछे से घरों में चोरी
पिछले कुछ महीनों से कोटा, रतनपुर, बेलगहना, बिल्हा और पचपेड़ी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दिन के समय चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों के खेतों में जाने या अन्य काम से घर से बाहर निकलने के दौरान आरोपी सूने मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद ताला तोड़कर पेटी और अलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू के नोडल अधिकारी सुदीप सरकार और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाई गई।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद कोरबा जिले के तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर और कोरबा जिले में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी और वाहन बरामद किए गए।
आभूषण, नकदी और तीन वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों से करीब 6 लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण, 1.30 लाख रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के बरामद किए हैं। जब्त आभूषणों में चांदी की पायल, अंगूठियां, बिछिया, करधन, बच्चों के कड़े, सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, टॉप्स और अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा एक कार और दो बाइक भी जब्त की गई हैं।
निजी स्कूल में प्रिंसिपल रह चुका है एक आरोपी
मामले का खुलासा करते हुए एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि आरोपी भूपेंद्र सिंह राठौर कुछ साल पहले कोरबा के निजी स्कूल नर्मदा देवी हाईस्कूल में प्रिंसिपल के पद पर काम कर चुका है। वह स्कूली बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता था। पुलिस के अनुसार, वह भी चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दोपहिया वाहनों से ग्रामीण क्षेत्रों में घूमते थे और मौका देखकर सूने मकानों को निशाना बनाते थे।
चोरी की रकम से खरीदी कार और बाइक
पुलिस के मुताबिक, विनोद वासुदेव ने चोरी की रकम से करीब 10 लाख रुपये की कार खरीदी थी और उसकी किस्तें भी चुकाई थीं। वहीं, राज प्रजापति ने चोरी की रकम से अपने चाचा के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये की बाइक खरीदी थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से बरामद सामान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है।
admin



