आज रात टकराएगा ‘डीप डिप्रेशन’ : छत्तीसगढ़ में होगी भारी बारिश

आज रात टकराएगा ‘डीप डिप्रेशन’ : छत्तीसगढ़ में होगी भारी बारिश
ओडिशा के स्कूलों में छुट्टी, समुंदर में नहाने पर रोक
रायपुर (चैनल इंडिया)। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव अब विकराल रूप ले चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग  के अनुसार यह मौसमी तंत्र डीप डिप्रेशन आज रात विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्रप्रदेश व दक्षिण ओडिशा तट को पार करेगा। तट से टकराते समय हवा की गति 70 से 75 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है। इस मौसमी आपदा का व्यापक असर छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और उत्तर भारत के कई राज्यों पर दिखेगा। मौसम विभाग ने कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में आज व कल अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में 28 सितंबर तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। बस्तर संभाग और आसपास के इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है, जिसे देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट पर रखा गया है।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा सरकार ने नबरंगपुर, मलकानगिरी, पुरी, जगतसिंहपुर, गंजाम, गजपति, कोरापुट और खुर्दा जिलों में शैक्षणिक संस्थानों को कल तक बंद रखने का आदेश दिया है। सभी सरकारी कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर उन्हें तुरंत ड्यूटी पर लौटने को कहा गया है। चिल्का झील में सतपाड़ा और जहनिकुड़ा के बीच फेरी सेवा 25 सितंबर तक बंद रहेगी। पुरी के समुद्र तटों पर लाल झंडे लगाकर समुद्र में नहाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। मछुआरों को 24 सितंबर तक समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।