15वीं वर्षगांठ पर नारायणा हॉस्पिटल का बड़ा तोहफा : 50 जरूरतमंद मरीजों की होगी मुफ्त स्पाइन और ऑर्थोपेडिक सर्जरी
7 से 9 अगस्त तक रायपुर में लगेगा 3 दिवसीय मेगा सर्जरी कैंप,देशभर के विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं, आज से शुरू होगी मुफ्त स्क्रीनिंग
रायपुर। अपनी 15वीं वर्षगांठ पर श्री नारायणा हॉस्पिटल ने जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी पहल की है। "नर सेवा ही नारायण सेवा" के संकल्प के साथ अस्पताल 7, 8 और 9 अगस्त को तीन दिवसीय मेगा स्पाइन एवं ऑर्थोपेडिक सर्जरी कैंप-2.0 आयोजित करेगा। इस दौरान आर्थिक रूप से कमजोर और बीपीएल वर्ग के 50 गंभीर मरीजों की स्पाइन एवं ऑर्थोपेडिक सर्जरी पूरी तरह निशुल्क की जाएगी।
अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सुनील खेमका ने शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि यह अभियान उन मरीजों के लिए है, जो आर्थिक तंगी के कारण लंबे समय से रीढ़ और हड्डियों से जुड़ी गंभीर बीमारियों का इलाज नहीं करा पा रहे हैं।
प्रदेश में सबसे पहले रोबोटिक स्पाइन और नी रिप्लेसमेंट
डॉ. खेमका ने बताया कि श्री नारायणा हॉस्पिटल प्रदेश का पहला अस्पताल है, जहां रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट और रोबोटिक स्पाइन सर्जरी की सुविधा शुरू की गई। अस्पताल की टीम अब तक 2 हजार से अधिक रोबोटिक नी रिप्लेसमेंट और 300 से ज्यादा रोबोटिक स्पाइन सर्जरी सफलतापूर्वक कर चुकी है।
इन बीमारियों की होगी मुफ्त सर्जरी
कैंप में डिस्क प्रोलैप्स, कैनाल स्टेनोसिस, स्कोलियोसिस, काइफोसिस, प्राइमरी हिप एवं नी जॉइंट रिप्लेसमेंट, जटिल एवं पुराने फ्रैक्चर, प्लास्टिक एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी तथा पेन मैनेजमेंट से जुड़े चयनित मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
इसके साथ ही अस्पताल में रैपिड रिलीफ सेंटर भी संचालित होगा, जहां मरीजों को मुफ्त फिजियोथेरेपी, सही पोश्चर, हेल्दी स्पाइन, स्वस्थ जोड़ और जीवनशैली सुधार संबंधी विशेषज्ञ परामर्श दिया जाएगा।
देशभर के विशेषज्ञ डॉक्टर होंगे शामिल
मेगा कैंप में मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और अहमदाबाद के वरिष्ठ स्पाइन एवं ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। इनमें डॉ. विशाल कुंदनानी (बॉम्बे हॉस्पिटल एवं लीलावती हॉस्पिटल, मुंबई) प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
श्री नारायणा हॉस्पिटल की ओर से डॉ. सुनीत खेमका, डॉ. प्रीतम अग्रवाल, डॉ. प्रदीप पटेल, डॉ. अम्बरीश वर्मा, डॉ. राम खेमका, डॉ. मनेंद्र भूषण, डॉ. संदेश अग्रवाल, डॉ. रुपेश वर्मा, डॉ. नीरज पांडे और डॉ. पंकज ओमर भी मरीजों का उपचार करेंगे।
4 जुलाई से शुरू होगी मुफ्त स्क्रीनिंग
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मेगा कैंप के लिए मरीजों का चयन 4 जुलाई से शुरू होने वाले निशुल्क स्क्रीनिंग अभियान के माध्यम से किया जाएगा। एक माह से अधिक समय तक चलने वाले इस अभियान में प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी परामर्श और स्क्रीनिंग पूरी तरह मुफ्त रहेगी।
ऐसे करा सकते हैं पंजीयन
मुफ्त सर्जरी का लाभ लेने के इच्छुक मरीज 9300373737 पर संपर्क कर अग्रिम पंजीयन करा सकते हैं। अस्पताल प्रबंधन ने प्रदेशभर के जरूरतमंद मरीजों से इस जनहितकारी स्वास्थ्य अभियान का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।

admin 




