महिला की एडिटेड फोटो वायरल कर बदनाम करने वाला आरोपी गिरफ्तार
CG Crime
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर एक महिला की एडिटेड और आपत्तिजनक फोटो वायरल कर उसकी छवि धूमिल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला को बदनाम करने की नीयत से फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सक्ती जिले से गिरफ्तार किया।
मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, सक्ती जिले के अड़भार निवासी चुकेंद्र साहू ने महिला की तस्वीर को एडिट कर आपत्तिजनक रूप दिया और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया। इस हरकत से महिला की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे सक्ती जिले से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

admin 




