छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल ने किया सरेंडर,मां का निधन

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल ने किया सरेंडर,मां का निधन

रायपुर। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल ने आज देवेंद्र नगर थाने में सरेंडर किया। सरेंडर के दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा। थाने के बाहर मौजूद लोगों ने अमित बघेल को घेरा लेकिन पुलिस तुरंत हस्तक्षेप कर सुरक्षित थाने के अंदर ले गई।

अमित बघेल की मां का आज निधन हुआ। उनका पार्थिव शरीर गृह ग्राम पथरी ले जाया गया है। जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। अमित बघेल कोर्ट में जमानत याचिका दायर कर अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मांगेंगे।

अमित बघेल आपत्तिजनक बयान के मामले में करीब दो महीने से फरार थे। इस दौरान राज्यभर में उनकी तलाश जारी रही। मां के निधन के बाद आज उन्होंने सरेंडर का फैसला लिया।
26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने बघेल की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए कड़ी टिप्पणी की थी। कोर्ट ने कहा था कि वे अपनी जुबान संभालें और एफआईआर के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया का सामना करें। अदालत ने साफ किया था कि उन्हें किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी।

अमित बघेल पर देश के 12 राज्यों में मामले दर्ज हैं। सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पुलिस उन्हें जरूरत पड़ने पर राज्यों के बीच ले जा सकती है और अदालत इस प्रक्रिया में दखल नहीं देगी।

सरेंडर के बाद शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोर्ट परिसर और थानों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती है। रिमांड प्रक्रिया के लिए भी पूरी तैयारी कर ली गई है।

27 अक्टूबर को अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के ईष्ट देवता झूलेलाल पर बघेल के विवादित बयान के बाद विवाद बढ़ गया था। इससे ठीक एक दिन पहले रायपुर के वीआईपी चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ी गई थी, जिसके बाद क्रांति सेना ने हंगामा किया और पुलिस के साथ झड़प हुई। आरोपी को बाद में मानसिक रूप से अस्वस्थ और नशे में पाया गया।