CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिन बारिश के आसार, रायपुर में 4 डिग्री बढ़ा तापमान
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ीं। इस बीच राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान 26 से बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। हालांकि अगले सात दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
कई इलाकों में हुई भारी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान लोरमी में सबसे अधिक 14 सेमी बारिश दर्ज की गई। जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेमी, जबकि तखतपुर और लालपुर थाना में 8-8 सेमी बारिश हुई।
कोटाडोल में 7 सेमी तथा रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश हुई।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 21 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
प्रदेश में तापमान की स्थिति
गुरुवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजनांदगांव में 30.5 डिग्री और रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
अगले सात दिनों तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले सात दिनों तक कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव जारी रहने के आसार हैं।
admin




