फेक मैरिज पार्टी पर बवाल: ग्रामीणों और हिंदू संगठनों का विरोध, पुलिस ने रिसोर्ट प्रबंधन पर की कार्रवाई
दुर्ग। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र स्थित कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट में आयोजित होने वाली “फेक मैरिज पार्टी” को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आयोजन की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग नाराज होकर रिसोर्ट पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं भिलाई नगर हिंदू युवा मंच ने भी मंगलवार को जेवरा सिरसा चौकी का घेराव कर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि शादी जैसे पवित्र हिंदू संस्कार को मनोरंजन और थीम पार्टी के रूप में पेश कर धार्मिक भावनाओं को आहत किया जा रहा है। लोगों का कहना था कि इस तरह के आयोजन समाज में गलत संदेश देते हैं और भारतीय विवाह परंपराओं का मजाक उड़ाते हैं।
मामले की सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय ग्रामीणों और रिसोर्ट प्रबंधन के बीच तीखी बहस चल रही थी। स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती जा रही थी, जिसे देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर माहौल शांत कराया।
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कोसी रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार धमधा रोड स्थित कोसी रिसोर्ट में 30 मई की रात “फेक मैरिज पार्टी” आयोजित की जानी थी। कार्यक्रम में केवल कपल एंट्री रखी गई थी और प्रति कपल 499 रुपए एंट्री फीस तय की गई थी। आयोजन में शामिल होने वाले जोड़ों को दूल्हा-दुल्हन की ड्रेस थीम में पहुंचना था। पार्टी के लिए डीजे नाइट और अन्य मनोरंजन कार्यक्रमों की भी तैयारी की गई थी।
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद रिसोर्ट प्रबंधन ने तेज गर्मी और मौसम का हवाला देते हुए कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा कर दी है।
विरोध कर रहे ग्रामीणों और हिंदू संगठनों का कहना है कि विवाह भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण संस्कार है, जिसे मजाक या मनोरंजन का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। लोगों ने ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की है।
पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

admin 




