ससुराल में पत्नी से बोला "आई लव यू" : सालों ने बहनोई को जमकर कूटा, बहन को भेजने से किया इनकार

ससुराल में पत्नी से बोला "आई लव यू" : सालों ने बहनोई को जमकर कूटा, बहन को भेजने से किया इनकार
बिलासपुर (चैनल इंडिया)। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी को आई लव यू कहना एक पति को भारी पड़ गया। मामला सीपत थाना क्षेत्र के नरगोड़ा गांव का है, जहां पत्नी को लेने पहुंचे युवक की उसके सालों ने जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
जानकारी के मुताबिक ग्राम परसाही निवासी मदनलाल राजगीर पेशे से ड्राइवर है, वह अपनी पत्नी सरस्वती को वापस घर ले जाने के लिए अपने एक दोस्त के साथ ससुराल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान मदनलाल ने पत्नी से प्यार का इजहार करते हुए घर चलने की बात कही। पति-पत्नी के बीच चल रही बातचीत ससुराल पक्ष को पंसद नहीं आई, आरोप है कि मदनलाल के साले संतोष गढ़वाल ने इस बात पर नाराजगी जताई और अपने दो साथियों अमर और कमल को बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर मदन लाल के साथ मारपीट शुरु कर दी। 
पीडि़त का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने साफ  तौर पर कहा कि वे अपनी बहन को उसके साथ नहीं भेजेंगे। विरोध करने पर मदनलाल को धमकाया गया और जान से मारने की चेतावनी भी दी गई। घटना के बाद पीडि़त ने मामले की शिकायत सीपत थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।