उर्वशी रौतेला की पहचान के इस्तेमाल पर AI कंपनी से विवाद: टीम का कानूनी कार्रवाई का दावा, 7,000 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला की पहचान, तस्वीरों और वीडियो के कथित अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी के साथ एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अभिनेत्री की टीम ने लॉस एंजिल्स स्थित एक एआई कंपनी पर बिना अनुमति नाम और कंटेंट का व्यावसायिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू करने का दावा किया है। टीम का कहना है कि वे इस मामले में कंपनी से 7,000 करोड़ रुपये के बड़े हर्जाने (Damages) का दावा कर रहे हैं।
उर्वशी रौतेला की आधिकारिक टीम ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर स्पष्ट किया कि किसी भी सेलिब्रिटी की छवि, फोटो, आवाज या नाम का व्यावसायिक उपयोग बिना लिखित अनुमति के नहीं किया जा सकता। टीम का आरोप है कि संबंधित एआई कंपनी ने अभिनेत्री की डिजिटल पहचान का फायदा उठाकर अरबों डॉलर की वैल्यूएशन हासिल की है। टीम ने कंपनी को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा, "अपनी एआई कंपनी बनाएं और अपना ब्रांड स्थापित करें, लेकिन बिना अनुमति के उर्वशी के नाम का इस्तेमाल अपने बिजनेस में न करें।"
मनोरंजन जगत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दुरुपयोग और डीपफेक तकनीक को लेकर पिछले कुछ समय से चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। उर्वशी की टीम का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब भारतीय फिल्म उद्योग में हस्तियों के 'पर्सनालिटी राइट्स' (व्यक्तित्व अधिकारों) की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है। हाल ही में कई बड़े कलाकारों ने भी एआई से बने फर्जी वीडियो, वॉयस डबिंग और बिना सहमति डिजिटल पहचान का इस्तेमाल करने पर सवाल उठाए हैं।
admin



