रायपुर पुलिस ने ओडिशा तक सप्लाई चेन तोड़ी,2 महिला सहित 5 तस्करों से 46 किलो गांजा जब्त

रायपुर पुलिस ने ओडिशा तक सप्लाई चेन तोड़ी,2 महिला सहित 5 तस्करों से 46 किलो गांजा जब्त

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 46.100 किलोग्राम गांजा के साथ दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो मोबाइल फोन और एक सुजुकी एक्सेस स्कूटर जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई की खास बात यह रही कि पुलिस ने केवल गांजा बरामद करने तक सीमित न रहकर ओडिशा तक पहुंचकर पूरे सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (ANTF) को सूचना मिली थी कि टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार रोड स्थित नीलगिरी प्लांटेशन के पास बड़ी मात्रा में गांजे की सप्लाई होने वाली है। इसके बाद डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी पश्चिम संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में ANTF और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की।

मौके से कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन को एक सुजुकी एक्सेस स्कूटर के साथ पकड़ा गया। तलाशी में स्कूटर पर रखी तीन बोरियों और एक बैग से 46.100 किलो गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले से लाया गया था। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से ओडिशा निवासी बनमाली तांडी और अनु तांडी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने रायपुर में गांजे की सप्लाई करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाना में अपराध क्रमांक 619/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

पहले भी जेल जा चुके हैं मुख्य आरोपी

जांच में सामने आया कि आरोपी कमलेश सोनवानी के खिलाफ रायपुर और महासमुंद जिले में एनडीपीएस एक्ट के चार मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं राजा टंडन के खिलाफ ओडिशा के टिटलागढ़ क्षेत्र में भी एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है और वह पहले जेल जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से रायपुर में सक्रिय गांजा तस्करी की एक पूरी सप्लाई चेन ध्वस्त हुई है। मामले में आगे भी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।