CG Crime : महिला हत्याकांड का खुलासा, बेटे ने ही की थी मां की हत्या
दंतेवाड़ा। जिले के भांसी थाना क्षेत्र में हुई एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके बेटे ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को धुरली टिटेमपारा गांव में 60 वर्षीय बुधरी तेलाम की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना के बाद भांसी थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर मृतका के बेटे सामु उर्फ श्याम तेलाम (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी मां की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस जांच में पता चला कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। उसने अपनी मां से खाना मांगा था। आरोप है कि खाना नहीं मिलने पर गुस्से में उसने पास में रखे बांस के डंडे से मां के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

admin 




