छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हुई।

कई जिलों में हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में रामानुजनगर, लोरमी और अकलतरा में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं ओरछा, लालपुर थाना, बेलतरा, भोपालपटनम, सीपत, बड़े बचेली, अजगरबहार और छोटेडोंगर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।

इसके अलावा भैसमा, भैरमगढ़, नारायणपुर, बलौदा, दरभा, बारसूर, पाली, कटघोरा, कोहकामेटा, तोकापाल, पोंडी बचरा, मस्तूरी, हरदीबाजार और अंतागढ़ में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

इन मौसमी सिस्टम का दिख रहा असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, समुद्र तल पर सक्रिय मानसून द्रोणिका जैसलमेर, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, बांदा, डेहरी, मालदा होते हुए मणिपुर तक फैली हुई है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश होते हुए उत्तर-पूर्व बिहार तक एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बनी हुई हैं।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में यलो अलर्ट

वहीं बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।