देवपहरी जलप्रपात में बढ़ा जलस्तर, टापू पर फंसे 3 युवक; 15 घंटे बाद रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया

देवपहरी जलप्रपात में बढ़ा जलस्तर, टापू पर फंसे 3 युवक; 15 घंटे बाद रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया

कोरबा। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच कोरबा के प्रसिद्ध देवपहरी जलप्रपात में बड़ा हादसा टल गया। यहां घूमने और फोटो खिंचवाने पहुंचे तीन युवक अचानक हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। करीब 15 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मंगलवार सुबह तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

तीनों युवक फोटो खिंचवाने पहुंचे थे टापू पर

जानकारी के मुताबिक, गुरमा श्यांग गांव निवासी धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी सोमवार को घूमने के लिए देवपहरी जलप्रपात पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों फोटो खिंचवाने के लिए हसदेव नदी के बीच बने टापू तक चले गए।

इसी दौरान क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी का बहाव तेज होने से तीनों युवक टापू से वापस नहीं लौट सके और वहीं फंस गए।

वीडियो कॉल के जरिए रेस्क्यू टीम से मांगी मदद

टापू पर फंसने के बाद तीनों युवकों ने वहां बनी एक छतरी में रात गुजारी। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए रेस्क्यू टीम से संपर्क किया और अपने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को मामले की सूचना मिली।

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। SDRF की टीम को भी बुलाया गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा और लगातार बढ़ता जलस्तर अभियान में बड़ी बाधा बना रहा।

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और SDRF की सहायता ली गई। रातभर प्रयास किए गए, लेकिन जलस्तर कम नहीं होने के कारण युवकों को तत्काल बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।

15 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकले तीनों युवक

मंगलवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 15 घंटे की मशक्कत के बाद SDRF और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों युवकों को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

तीनों युवकों के सुरक्षित बाहर आने के बाद उनके परिजनों के साथ पुलिस और जिला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

बारिश के दौरान जलप्रपातों और नदी क्षेत्रों में बढ़ जाता है खतरा

लगातार बारिश के दौरान जलप्रपातों, नदियों और उनके आसपास के इलाकों में अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा रहता है। देवपहरी की घटना में भी जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण तीनों युवक टापू पर फंस गए। ऐसे में बारिश के मौसम में जलप्रपात और नदी क्षेत्रों में जाने वाले लोगों के लिए स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करना बेहद जरूरी है।