गजब का हौसला: सीजेरियन डिलीवरी के दौरान भरथरी गाती रही प्रसूता, बालोद से सामने आया वीडियो वायरल

गजब का हौसला: सीजेरियन डिलीवरी के दौरान भरथरी गाती रही प्रसूता, बालोद से सामने आया वीडियो वायरल
बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से इच्छाशक्ति और सकारात्मकता का एक बेहद अनोखा और प्रेरणादायक मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय स्थित उम्मीद अस्पताल (Ummeed Hospital) में सिजेरियन ऑपरेशन (C-Section) के दौरान एक प्रसूता मुस्कुराते हुए बेफिक्र अंदाज़ में भरथरी लोकगीत गाती रही। ऑपरेशन थिएटर (OT) के भीतर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग महिला के हौसले की खूब तारीफ कर रहे हैं।

मशहूर भरथरी गायिका हैं हेमलता पटेल
प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती हुई प्रसूता छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका हेमलता पटेल हैं। सिजेरियन डिलीवरी से पहले डॉक्टरों ने उन्हें एनेस्थीसिया दिया और ऑपरेशन की प्रक्रिया शुरू की। आमतौर पर सर्जरी के दौरान मरीज काफी घबराहट और तनाव में रहते हैं, लेकिन हेमलता ने अपनी घबराहट को दूर भगाने के लिए ऑपरेशन टेबल पर ही भरथरी गीत गाना शुरू कर दिया।

ऑपरेशन थिएटर का बदला माहौल
हेमलता पटेल के इस बेफिक्र अंदाज़ और सुरम्य गायकी से ऑपरेशन थिएटर में मौजूद डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ का तनाव भी दूर हो गया और माहौल बेहद खुशनुमा बन गया। वहां मौजूद किसी स्टाफ मेंबर ने इस दुर्लभ और खूबसूरत पल का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खूब शेयर किया जा रहा है।

मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, सिजेरियन ऑपरेशन पूरी तरह से सफल रहा। डिलीवरी के बाद जच्चा और बच्चा (मां और नवजात) दोनों पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। सोशल मीडिया यूज़र्स हेमलता पटेल की हिम्मत, कला के प्रति उनके अटूट समर्पण और सर्जरी के समय उनकी सकारात्मक सोच की जमकर सराहना कर रहे हैं।