बलून डेकोरेशन प्रतियोगिता में वैष्णवी चौहान ने जीता प्रथम स्थान

बलून डेकोरेशन प्रतियोगिता में वैष्णवी चौहान ने जीता प्रथम स्थान

अखिल भारतीय महिला महा मंडल, कच्छ गुर्जर क्षत्रिय समाज के अंतर्गत आयोजित “फन फेयर एवं मस्ती महोत्सव” में आयोजित बलून डेकोरेशन प्रतियोगिता में जबलपुर की वैष्णवी गुप्ता चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त कर समाज और परिवार का नाम गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें वैष्णवी ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक सोच और भावनात्मक प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

वैष्णवी ने बरगी बांध क्रूज हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बलून डेकोरेशन के माध्यम से एक भावपूर्ण और आकर्षक कलाकृति प्रस्तुत की। उनकी इस अनूठी प्रस्तुति को निर्णायकों एवं उपस्थितजनों ने खूब सराहा। प्रतियोगिता में उनकी कला, संवेदनशीलता और सृजनात्मक अभिव्यक्ति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

जश्ने बाजार इवेंट एंड डेकोरेशन की संचालिका वैष्णवी, करुणा चौहान एवं महेश कुमार चौहान की पुत्रवधू हैं। वहीं उनके माता-पिता शिवशंकर गुप्ता एवं सुमन गुप्ता हैं। वैष्णवी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिवारजनों, समाजजनों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।