ओडिशा पहुंचा मानसून एक-दो दिन में छत्तीसगढ़ में अंधड़-वज्रपात की चेतावनी

ओडिशा पहुंचा मानसून एक-दो दिन में छत्तीसगढ़ में अंधड़-वज्रपात की चेतावनी

रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में मानसून प्रवेश एक-दो दिनों के अंतराल में होने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल, बिहार सहित ओडिशा व झारखंड के कुछ भाग में शुक्रवार को पहुंच गया। मानसून के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां फिलहाल सामान्य बनी हुई हैं।

इसके पहले बुधवार रात तक रुक-रुककर होती रही बारिश का असर तापमान पर भी दिखा। गुरुवार को राजधानी रायपुर का तापमान 37.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा। यह प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा, जबकि 42 डिग्री के साथ राजनांदगांव सर्वाधिक गर्म रहा। रायपुर में दिनभर हल्के बादल छाए रहे, लेकिन देर रात तक बूंदाबांदी या बारिश की स्थिति निर्मित नहीं हुई। 

सीजनल द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से दक्षिण गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक उत्तर राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए माध्य समुद्र तल पर स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण तटीय आंध प्रदेश और उसके आसपास 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। 13 जून को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात की चेतावनी भी मौसम विभाग ने जारी की है। अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट के साथ कोई विशेष परिवर्तन फिलहाल नहीं होगी।