कुम्हारी में भीषण सिलेंडर ब्लास्ट: पिता समेत परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे कुम्हारी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वार्ड नंबर 4 स्थित एक मकान में हुए भीषण रसोई गैस सिलेंडर ब्लास्ट में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा मंगलवार, 12 मई को दोपहर करीब 3 बजे हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मकान के पास लगे बिजली के खंभे में अचानक शॉर्ट-सर्किट हुआ, जिसके चलते घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैलते हुए किचन तक पहुंच गई, जहां रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना भीषण था कि घर में मौजूद परिवार के सदस्य बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके।
इस हृदयविदारक हादसे में अनिल वैष्णव (48 वर्ष), उनकी बेटियां चांदनी वैष्णव (18 वर्ष) और लक्ष्मी वैष्णव (20 वर्ष) के साथ एक वर्षीय मासूम गोपिका वैष्णव की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कुम्हारी पुलिस ने चारों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से भी 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की है।

admin 




