रायपुर से रावघाट-कुरुद  के लिए जल्द दौड़ेगी ट्रेन, रेलवे बोर्ड को भेजा प्रस्ताव

रायपुर से रावघाट-कुरुद  के लिए जल्द दौड़ेगी ट्रेन, रेलवे बोर्ड को भेजा प्रस्ताव
रेल मंत्री के दौरे पर मिल सकती है सौगात
रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए जल्द ही बड़ी सुविधा शुरू हो सकती है। रायपुर से रावघाट और कुरुद के बीच ट्रेन सेवा शुरू करने की दिशा में रेलवे ने प्रक्रिया तेज कर दी है। दोनों रूटों पर यात्री ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे मंडल की ओर से रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। अब बोर्ड की मंजूरी का इंतजार है।
दोनों रूटों पर ट्रेन संचालन के लिए जरूरी कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। इसके बाद अब रेलवे स्तर पर आगे की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। रावघाट और कुरुद रेलवे स्टेशनों पर भी ट्रेन संचालन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नौ अक्टूबर को रायपुर दौरे पर पहुंच रहे हैं। वे यहां आरपीएफ कार्यक्रम में शामिल होंगे। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद रेल मंत्री खुद इन नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखा सकते हैं। फिलहाल निगाहें रेलवे बोर्ड की मंजूरी पर टिकी हैं। मंजूरी मिलते ही रायपुर से रावघाट और कुरुद के लिए ट्रेन सेवा शुरू होने का रास्ता साफ  हो जाएगा।