कांग्रेस होगी नई और अधिक आक्रामक, पार्टी का संदेश- जनता के बीच जाएं
जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण पूरा
रायपुर (चैनल इंडिया)। कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को राजनीतिक संदेशों और संगठनात्मक संकल्प के साथ संपन्न हो गया। समापन सत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने केंद्र की मोदी सरकार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा पर तीखे हमले किए। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभी 41 जिला अध्यक्षों को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान किए।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि मोदी सरकार रोजगार, महंगाई, विदेश नीति और आंतरिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मोर्चों पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि आज पाकिस्तान, चीन, अमेरिका और बांग्लादेश जैसे देश भी भारत को आंख दिखा रहे हैं, जबकि कांग्रेस सरकारों के समय देश की विदेश नीति मजबूत थी और दुनिया में भारत का सम्मान अलग था। उन्होंने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, बढ़ती महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी उठाते हुए कहा कि कांग्रेस इन्हें मजबूती से जनता के बीच ले जाएगी।
शिविर के समापन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि दस दिनों के मंथन का असर आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने नए जिला अध्यक्षों को संगठन, जनसंपर्क, मीडिया प्रबंधन और जनआंदोलनों के लिए पूरी तरह प्रशिक्षित किया है। बैज ने कहा, अब छत्तीसगढ़ में नई और आक्रामक कांग्रेस दिखाई देगी। जिला अध्यक्ष गांव-गांव जाकर जनता के मुद्दों को उठाएंगे और भाजपा सरकार को जवाब देंगे। उन्होंने रेत खनन, स्मार्ट बिजली मीटर और किसानों के मुद्दों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला।

admin 




