दीपावली की रात घर में घुसे थे चोर,एक घंटे में रायपुर पुलिस ने दबोचकर भेजा जेल

दीपावली की रात घर में घुसे थे चोर,एक घंटे में रायपुर पुलिस ने दबोचकर भेजा जेल

गुढ़ियारी के नया मंगल बाजार की वारदात, सोने-चांदी के जेवर और 47 हजार रुपए नकद बरामद;ल, 2.97 लाख रुपए का पूरा माल जब्त

रायपुर। दीपावली की रात लक्ष्मी पूजन के दौरान घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। घर में पूजा के लिए खुला छोड़ा गया दरवाजा आरोपियों के लिए मौका बन गया। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात की रिपोर्ट दर्ज होने के एक घंटे से भी कम समय में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गए करीब 2.97 लाख रुपए के जेवर और नकदी शत-प्रतिशत बरामद कर ली गई।

मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के नया मंगल बाजार का है। पुलिस के मुताबिक, दीपावली पर प्रार्थिया ने लक्ष्मी पूजन के लिए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पूजा घर में रखी थी। आस्था के चलते पूजा घर का दरवाजा खुला छोड़ा गया था। इसी दौरान आरोपियों ने घर में प्रवेश किया और जेवर व नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना के दौरान प्रार्थिया के पति बाथरूम जाने के लिए उठे तो उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से चोरी कर जाते हुए देखा।

पति के बताए हुलिए से पकड़े गए आरोपी

प्रार्थिया की शिकायत पर गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 522/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में गुढ़ियारी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने जांच शुरू की। प्रार्थिया के पति द्वारा बताए गए संदिग्ध के हुलिए के आधार पर आसपास के संदिग्धों की तलाश की गई। पूछताछ में चोरी का खुलासा हुआ और पुलिस ने एक घंटे से भी कम समय में दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

2.50 लाख के जेवर और 47 हजार नकद बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 47 हजार रुपए नकद बरामद किए। कुल बरामद संपत्ति की कीमत करीब 2.97 लाख रुपए बताई गई है।

दोनों आरोपी पहले भी जा चुके हैं अपराध में शामिल

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयन राजपूत (24), निवासी बच्चन चौक, कुंदरापारा और आर्यन चौहान (19), निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नयन के खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के चार मामले दर्ज हैं। वहीं, आर्यन के खिलाफ लूट और आईटी एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस की अपील: दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान घर में रखे कीमती आभूषण और नकदी सुरक्षित स्थान पर रखें। घर की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।