पेट्रोल-डीजल फिर महंगा: छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पेट्रोल ₹109 के पार, आम लोगों पर बढ़ा बोझ
रायपुर। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। तेल कंपनियों ने 25 मई को पेट्रोल के दाम में ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल में ₹2.71 प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब छत्तीसगढ़ में भी साफ दिखाई दे रहा है। राज्य के कई जिलों में पेट्रोल ₹109 प्रति लीटर के पार पहुंच गया है।
राजधानी रायपुर में अब पेट्रोल की कीमत ₹107.96 प्रति लीटर दर्ज की गई है। हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में यहां कीमत थोड़ी कम है, लेकिन लगातार हो रही बढ़ोतरी से वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
बस्तर और सरगुजा संभाग में सबसे ज्यादा असर
ताजा रेट के मुताबिक बस्तर और सरगुजा संभाग के दूरस्थ जिलों में पेट्रोल सबसे महंगा बिक रहा है। नारायणपुर में पेट्रोल ₹109.65 प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि जगदलपुर में ₹109.64, दंतेवाड़ा में ₹109.60 और बीजापुर में ₹109.59 प्रति लीटर दर्ज किया गया।
सरगुजा संभाग में भी हालात लगभग इसी तरह हैं। जशपुर में पेट्रोल ₹109.52, सूरजपुर में ₹109.39 और अंबिकापुर में ₹109.09 प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं रायगढ़ में पेट्रोल ₹109.30 प्रति लीटर पहुंच चुका है।
दुर्ग में पेट्रोल ₹108.29, धमतरी में ₹108.45, महासमुंद में ₹108.64 और बिलासपुर में ₹108.65 प्रति लीटर दर्ज किया गया है।
कोरबा में सबसे कम कीमत
प्रदेश में सबसे कम पेट्रोल कीमत कोरबा जिले में दर्ज की गई है, जहां पेट्रोल ₹107.63 प्रति लीटर बिक रहा है। इसके अलावा जांजगीर में ₹108.21 और कवर्धा में ₹108.86 प्रति लीटर की दर सामने आई है।
क्यों महंगा हो रहा ईंधन?
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी इसका मुख्य कारण है। ईरान-अमेरिका तनाव के बाद क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गए हैं। इसके चलते तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा और कीमतों में इजाफा किया गया।
इसके अलावा भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है। डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, रिफाइनिंग लागत, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और राज्य सरकार के वैट को जोड़ने के बाद पेट्रोल-डीजल की अंतिम कीमत तय होती है।
आम जनता और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर असर
लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी दिखाई देने लगा है। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों का कहना है कि डीजल महंगा होने से माल ढुलाई का खर्च बढ़ेगा, जिसका असर सब्जियों, राशन और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। वहीं बस, ऑटो और अन्य यात्री वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन अलर्ट, हेल्पलाइन जारी
ईंधन की बढ़ती कीमतों और ब्लैक मार्केटिंग की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। रायपुर कलेक्टर ने पेट्रोल-डीजल की अवैध बिक्री और अधिक कीमत वसूली की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
लोग 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

admin 





