तेरस पर बाजार में बरसा धन : 7000 करोड़ से ज्यादा की खरीदी, ढाई हजार करोड़ का सोना-चांदी बिका

तेरस पर बाजार में बरसा धन : 7000 करोड़ से ज्यादा की खरीदी, ढाई हजार करोड़ का सोना-चांदी बिका
एक लाख से ज्यादा वाहन बिके
रायपुर (चैनल इंडिया)। धनतेरस पर शुक्रवार को राजधानी रायपुर के साथ प्रदेशभर के बाजारों में सुबह से लेकर देर रात तक जमकर धनवर्षा हुई। सबसे ज्यादा ढाई हजार करोड़ का सोना और चांदी बिका। ऑटोमोबाइल सेक्टर में एक लाख से ज्यादा वाहन बिके, जिनकी कीमत करीब 25 सौ करोड है। रियल एस्टेट में इस समय थोड़ा मंदी का दौर है। ऐसे में इस बार ज्यादा से ज्यादा 300 करोड़ का ही कारोबार हो पाया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल सेक्टर में 1000 करोड़ का कारोबार हुआ है। गांव के लोगों ने भी महंगे मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम लिए हैं। इसके अलावा बर्तन, फर्नीचर, कपड़ा बाजार, मिठाई और गिफ्ट आइटम को मिलाकर 1000 करोड़ का कारोबार हुआ। सभी सेक्टरों को मिलाकर एक ही दिन में करीब सात हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ। राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश के सभी शहरों के बाजार में धनतेरस पर सुबह से लेकर रात कर जमकर खरीदारी हुई। सबसे ज्यादा रस रात के समय रहा। रात के समय लोगों ने फुर्सत के साथ अपनी पसंद के सामान की खऱीदारी की। हर सेक्टर के बाजार में देर रात तक ग्राहकों का मेला लगा रहा।
खरीदी को भी शुभ माना जाता है, सुबह से लेकर रात तक लोगों ने बर्तनों की भी जमकर खरीदी की। इसी के साथ फर्नीचर में स्टॉल की अलमारी के अलावा लकड़ी के भी फर्नीचर भारी संख्या में बिके हैं। कपड़ा बाजार भी गुलजार रहा। इसके अलावा गिफ्ट और मिठाई की दुकानों में भी भारी भीड़ रही। इन सब सेक्टरों को मिलांकर प्रदेश में 1000 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है।
कैट राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर पारवानी ने बताया कि धनतेरस पर हर सेक्टर में जमकर खरीदारी हुई है। एक ही दिन में सात हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है। इस बार त्योहारी सीजन में प्रदेश में 15 हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार होगा।
महंगे मोबाइल और एलईडी खूब बिके
एलईडी, कंप्यूटर, फ्रीज, वाशिंग मशीन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स के साथ मोबाइल का भी जमकर कारोबार हुआ। कई कंपनियों ने नए मॉडल लांच किए हैं। मालवीय रोड व्यापारी संघ के राजेश वासवानी के मुताबिक गांवों के लोगों ने भी महंगे मोबाइल के साथ महंगे एलईडी की खरीदारी की है। इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल सेक्टर को मिलाकर प्रदेश भर में 1000 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है।