छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार, कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार, कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

रविवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, मनेन्द्रगढ़ में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर, जबकि मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, मगरलोड और चिरमिरी सहित कई क्षेत्रों में 5 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के अनेक अन्य इलाकों में भी 3 से 4 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।

मौसम विभाग ने सोमवार को रायपुर में भी बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन मौसमी सिस्टमों का दिख रहा असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से प्रदेश में व्यापक वर्षा की स्थिति बनी हुई है।

इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, उत्तर बस्तर कांकेर समेत कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।