रायपुर (चैनल इंडिया)। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस मौके पर छत्तीसगढ़ में भाजपा अलग-अलग जिलों में कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। कहीं सेवा अभियान चलेगा तो कहीं दीये जलाकर पीएम मोदी का बर्थडे मनाया जाएगा। प्रदेशभर में 40 लाख दीये जलाने का अनुमान रखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान राजधानी में ट्रैफिक प्रभावित होगा। यातायात पुलिस ने कई रूट डायवर्ट भी किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। रायपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत मरीन ड्राइव में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम होगा। इसके तहत 25 लाख दीये जलाए जाएंगे। इसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम शाम सात बजे प्रस्तावित है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्सन और पार्किंग प्लान जारी किया है। बिलासपुर जिले में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आज पुलिस मैदान में 10 लाख आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक और भाजपा पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
महादेव घाट पर भव्य आरती
आज शाम सात बजे रायपुर के महादेव घाट स्थित खारुन नदी के तट पर दोनों किनारों पर हजारों दीपक जलाए जाएंगे और दीपदान के साथ भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा कर रही है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल होंगे। इसके अलावा शहर के मरीन ड्राइव, गौरव पथ और सीएम हाउस समेत 13 किलोमीटर लंबे तय रूट पर दीये प्रज्वलित किए जाएंगे।
हर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज प्रदेश के 33 जिलों में विशेष कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दीया’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के मंत्री अलग-अलग जिलों में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। राज्य शासन की ओर से जारी सूची के मुताबिक संबंधित जिलों में आज गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और मंत्रियों को सौंपी गई है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजन
शासन के दस्तावेज में यह कार्यक्रम आज से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किए जाने का उल्लेख है। अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में निर्धारित कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी और सरकार की योजनाओं से जुड़े आयोजनों को आगे बढ़ाया जाएगा।