आम महोत्सव में गूंजेगा स्वाद और मनोरंजन का संगम, “गुठलियां लाओ-आम पाओ” बनेगा आकर्षण का केंद्र
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, जोरा स्थित कृषि मंडपम में 29 से 31 मई 2026 तक आयोजित होने जा रहे तीन दिवसीय आम महोत्सव में स्वाद, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। प्रकृति की ओर सोसायटी द्वारा आयोजित इस महोत्सव में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए कई आकर्षक गतिविधियां रखी गई हैं। कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित होगा।
महोत्सव का सबसे खास आकर्षण “गुठलियां लाओ-आम पाओ” अभियान रहेगा, जिसके तहत प्रति व्यक्ति 11 आम की गुठलियां लाने पर सोसायटी स्टॉल से एक आम उपहार स्वरूप दिया जाएगा। इसके साथ ही हर घंटे लकी ड्रॉ का आयोजन होगा। इंस्टाग्राम फॉलो करने वाले प्रतिभागियों को लकी कूपन भी प्रदान किए जाएंगे।
29 मई शुक्रवार को दोपहर 2 बजे शुभारंभ कार्यक्रम होगा। इसके बाद रोचक सवाल-जवाब और शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।
30 मई शनिवार को निशुल्क आम व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता के लिए शिल्पी नागपुरे, कुकिंग अकैडमी एवं लक्ष्मी यादव से संपर्क कर पंजीयन कराया जा सकता है। इसी दिन देश-विदेश में प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राय प्रतिभागियों को आम से बनने वाले विशेष व्यंजन तैयार करना सिखाएंगी। शाम को फिर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।
31 मई रविवार को बच्चों के लिए निशुल्क मैंगो फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रखी गई है, जिसमें 3 से 8 वर्ष और 9 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के बाद पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।
प्रकृति की ओर सोसायटी के अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी, सचिव निर्भय धाडीवाल तथा दी डिजिटल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महोत्सव का आनंद लेने और पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ने की अपील की है।

admin 





