छत्तीसगढ़ पर सूरज का अटैक, बिलासपुर सबसे गर्म, रायपुर समेत कई शहरों में हीटवेव
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में गर्मी अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। प्रदेश के कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में ग्रीष्म लहर यानी हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
बुधवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का एहसास कराया। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी और लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर रहे। राजधानी रायपुर में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी महसूस की जा रही है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल बारिश या बादल छाने जैसी कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप और गर्म हवाओं का असर दिनभर बना रह सकता है। विशेषज्ञों ने दोपहर के समय जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। भीषण गर्मी को देखते हुए डॉक्टरों ने लोगों को ज्यादा पानी पीने, धूप से बचने और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की सलाह दी है। लगातार बढ़ता तापमान आने वाले दिनों में और मुश्किलें बढ़ सकती है।

admin 





