केंद्रीय मंत्री मनसुख भाई मांडविया करेंगे शुभारंभ
रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनसुख भाई मांडविया मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर राज्य की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
राज्योत्सव 2026 की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ निर्धारित की गई है। इसके अनुरूप कार्यक्रम स्थल पर महिला सशक्तीकरण, युवाओं के अवसरों और प्रदेश के समग्र विकास को केंद्र में रखकर आयोजन किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे आम नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की जानकारी मिल सकेगी।
जिला स्तरीय राज्योत्सव में कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही, शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की भी व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रमों में शालीनता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राज्य स्थापना दिवस का आयोजन उत्साहपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक से तीन नवंबर तक प्रदेश के सभी शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को अपने बजट से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।