CMO की कार से हुए डबल डेथ केस में बड़ा एक्शन, तखतपुर नगर पालिका के CMO गिरफ्तार; कोर्ट ने भेजा जेल
मुंगेली। मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में दो लोगों की जान लेने वाले सड़क हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तखतपुर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमरेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की स्कोडा कार की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई जांच के बाद आरोपी अमरेश सिंह (58), निवासी महेश्वर कॉलोनी, गोधनपुर, अंबिकापुर के खिलाफ जरहागांव थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 105 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 3 अगस्त को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
शादी समारोह से लौट रहे थे पीड़ित
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विश्वनाथ बसोर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 1 अगस्त को उनकी भाभी किरण बसोर अपने साथियों के साथ शादी समारोह के ऑर्डर के सिलसिले में ग्राम हरदी गई थीं। काम पूरा करने के बाद तीनों एक मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे।
बरेला मेन रोड पर सड़क पर गाय आ जाने के कारण उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे रोक दी। इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही स्कोडा कार (CG-15-DN-3866), जिस पर "CMO (UAD) CG Government" लिखा था, तेज रफ्तार और गलत दिशा से आकर बाइक को टक्कर मार दी।
दो महिलाओं की मौत, एक युवक गंभीर
हादसा इतना भीषण था कि किरण बसोर (39) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अंजली बसोर (35) को बिलासपुर सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। वहीं तीसरे घायल विकेश साहू (36) का इलाज जारी है। तीनों मुंगेली के विनोबा नगर के निवासी बताए गए हैं।
हादसे के बाद फरार हो गया था चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया था। घटनास्थल से कार की 'CMO' लिखी नेम प्लेट बरामद हुई थी। बाद में दुर्घटनाग्रस्त स्कोडा कार तखतपुर नगर पालिका कार्यालय के पास क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे CMO
पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे के समय कार में तखतपुर नगर पालिका के CMO अमरेश सिंह सहित अन्य लोग सवार थे। सभी मुंगेली में कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद तखतपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बरेला के पास यह हादसा हुआ।
पुलिस का दावा- जानबूझकर और लापरवाही से मारी टक्कर
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दावा किया है कि आरोपी CMO ने तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाते हुए लापरवाहीपूर्वक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार भी जब्त कर ली गई।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
एसएसपी भोजराम पटेल ने लोगों से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और लापरवाही से बचने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मामले की आगे की जांच जारी है।
admin




