अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस खाई में गिरी, 40 यात्री घायल; कई श्रद्धालु शामिल

अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस खाई में गिरी, 40 यात्री घायल; कई श्रद्धालु शामिल

गंदेरबल। अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस जम्मू-कश्मीर के गंदेरबल जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बालटाल से श्रीनगर की ओर जा रही बस रंगा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 40 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई श्रद्धालु शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस भगवती यात्रा कंपनी की बताई जा रही है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर AR 11 D5655 है। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि बस आधिकारिक यात्रा काफिले का हिस्सा नहीं थी और बालटाल से श्रीनगर की ओर जा रही थी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहत दलों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकाला। सभी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए उप-जिला अस्पताल कंगन पहुंचाया गया। बाद में 40 घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए SKIMS सौरा, श्रीनगर रेफर किया गया।

कई यात्रियों को गंभीर चोटें

हादसे में फिलहाल किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं है। कई श्रद्धालुओं को गंभीर और सिर में चोटें आने की जानकारी है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

घायल यात्रियों में मध्य प्रदेश के दिनेश, रिजवान, मुकेश, राहुल, प्रेम भाई, ललिता, राजेश कुमार, किशोर पंडित, चंद्रलाल, गायत्री, विश्वास राठौड़, यशोदा, देविंदर राठौड़, मीरा, सागर लाल कुमार, सालक राम, इंद्र और चंदर कंतन शामिल बताए गए हैं।

वहीं राजस्थान के विद्या, नीलम, सीता भाई, कनाया, गरूड़, ममिता जयवाल, सीमा भाई, पूनिका राठौड़, ईश्वर लाल, प्राक राज, हरि प्रकाश, प्रीलेथ पवन, संपत भाई, संगीता, हीरा भाई, लक्ष्मी, शिखा, सुपिंदर राठौड़, चंदा, पार्वती, गोविंद और नपेंद्र सिंह के घायल होने की जानकारी दी गई है।

हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां घायलों के उपचार और अन्य आवश्यक सहायता में जुटी हैं।