नाबालिग को धमकाकर मामा के घर से कराई चोरी, पार्षद पुत्र समेत तीन गिरफ्तार

नाबालिग को धमकाकर मामा के घर से कराई चोरी, पार्षद पुत्र समेत तीन गिरफ्तार

भिलाईनगर। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में नाबालिग को धमकाकर उसके रिश्तेदारों के घर से सोने के जेवर चोरी करवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पार्षद के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों में करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है।

धमकी देकर नाबालिग से करवाते थे चोरी

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान (32) ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, करीब दो-तीन महीने पहले 17 वर्षीय नाबालिग को अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने धमकाया था

आरोप है कि आरोपियों ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर उसके मामा के घर से सोने के जेवर लाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद नाबालिग के जरिए मोहम्मद मोहसीन खान के घर से दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का हार, एक जोड़ी कान की बालियां और एक मंगलसूत्र चोरी करवाया गया।

मां के घर से भी जेवर चोरी करवाने का आरोप

इसी मामले में नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, नाबालिग ने अपने घर से एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां चोरी कर अनुराग कुर्रे को दे दी थीं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का उद्देश्य नाबालिग को दबाव में लेकर उसके जरिए घरों से सोने के जेवर हासिल करना था। चोरी किए गए जेवर आरोपी अपने पास रख लेते थे।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

शिकायत मिलने के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।

पुलिस ने अनुराग कुर्रे (32), करन सोनी (25) और रोहित गुप्ता (23) को गिरफ्तार किया है। अनुराग कुर्रे भिलाई के वार्ड नंबर-6 के पार्षद रविशंकर कुर्रे का पुत्र बताया गया है।

ऑनलाइन बेटिंग की लत लगाने का भी आरोप

पुलिस के मुताबिक, जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि अनुराग कुर्रे ने नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप पर पैसे लगाने की आदत डाल दी थी। इसके बाद उस पर दबाव बनाकर घर से जेवर लाने के लिए मजबूर किए जाने की बात सामने आई है।

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।