चरित्र पर शक बना हत्या की वजह: पत्नी की ईंट और CFL बल्ब से हत्या, गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस को करता रहा गुमराह
कवर्धा। कवर्धा जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते उसकी ईंट और सीएफएल बल्ब से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, मृतका किरण वर्मा का शव 16 जुलाई को ग्राम सिंगारपुर स्थित एक खेत के ट्यूबवेल के पीछे बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल की मदद और पूछताछ के दौरान जांच का संदेह मृतका के पति द्रोणाचार्य वर्मा पर गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि पत्नी के चरित्र पर संदेह के कारण दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने ईंट और सीएफएल बल्ब से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुए साक्ष्य
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट, टूटे हुए सीएफएल बल्ब के टुकड़े और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। इन साक्ष्यों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
न्यायालय ने भेजा जेल
वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपी स्वयं थाने पहुंचा और पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। हालांकि जांच के दौरान उसके बयान और साक्ष्यों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने पूछताछ तेज की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
admin




