महासमुंद जिला जेल में बड़ी सेंध: दीवार फांदकर फरार हुए 4 कैदी, तीन एनडीपीएस और एक चोरी के मामले में थे बंद

महासमुंद जिला जेल में बड़ी सेंध: दीवार फांदकर फरार हुए 4 कैदी, तीन एनडीपीएस और एक चोरी के मामले में थे बंद
महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है, जहाँ सोमवार तड़के करीब 4 बजे चार कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ने घटना की पुष्टि करते हुए फरार कैदियों की तलाश में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

कंबल का सहारा लेकर फांदी दीवार: प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरार होने वाले चार कैदियों में तीन आरोपी—धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र—एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के मामले में बंद थे, जबकि चौथा आरोपी पंचराम चोरी के मामले में जेल में सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि कुल पांच कैदी जेल से भागने की फिराक में थे और उन्होंने भागने के लिए जेल में मिलने वाले कंबल का इस्तेमाल किया था। हालांकि, इनमें से चार कैदी तो दीवार फाड़ने में कामयाब हो गए, लेकिन पांचवा कैदी दीवार कूदते समय संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर ही दबोच लिया। घटना के बाद से फरार चारों आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना: गौरतलब है कि महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी दिनदहाड़े 5 कैदी इसी तरह जेल की ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले थे। उस समय हुई भारी लापरवाही के बाद जेल प्रशासन ने मुख्य प्रहरी समेत चार प्रहरियों को निलंबित कर दिया था। एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था में हुई इस चूक ने जेल प्रबंधन के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और जेल प्रशासन फरार कैदियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रहा है।