Raipur Crime : पंडरी थाना इलाके में गांजा बेचने पहुंचे दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार,11.4 किलो गांजा जब्त

Raipur Crime : पंडरी थाना इलाके में गांजा बेचने पहुंचे दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार,11.4 किलो गांजा जब्त

रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंडरी थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 11.400 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि कांपा रेलवे फाटक और कांपा मालधक्का क्षेत्र में दो युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।

पहली कार्रवाई में पुलिस ने मनीष गुप्ता (21) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक बैग में रखा 7.330 किलोग्राम गांजा, एक वीवो मोबाइल फोन और 120 रुपए नकद बरामद किए गए। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में गुजरात के सिलवासा क्षेत्र में रह रहा था।

दूसरी कार्रवाई में वासुदेव जगताप (26) को पकड़ा गया। उसके पास से 4.070 किलोग्राम गांजा और एक रियलमी मोबाइल फोन जब्त किया गया। आरोपी गुजरात के दादरा एवं नगर हवेली क्षेत्र का निवासी है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत करवाई

पंडरी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

जब्त सामग्री

11.400 किलोग्राम अवैध गांजा

2 मोबाइल फोन

120 रुपए नकद