पार्षद के फर्जी लेटरहेड से बना रहा था जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र सहित अन्य दस्तावेज,च्वॉइस सेंटर संचालक गिरफ्तार

पार्षद के फर्जी लेटरहेड से बना रहा था जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र सहित अन्य दस्तावेज,च्वॉइस सेंटर संचालक गिरफ्तार

रायपुर। आजाद चौक थाना पुलिस ने पार्षद के लेटरहेड और फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर सरकारी दस्तावेज तैयार करने वाले एक च्वॉइस सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक शहीद चूड़ामणि नायक वार्ड-37 के पार्षद दीपक जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। बताया था कि उनके नाम के लेटरहेड और हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में जन्म प्रमाणपत्र, मृत्यु प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और नगर निगम से जुड़े अन्य दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।

शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आर्यन च्वॉइस सेंटर में दबिश दी। पूछताछ में सेंटर संचालक विपीन केशरी ने पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी इस्तेमाल कर विभिन्न दस्तावेज तैयार करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी विपीन केशरी (38) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन जब्त कर ली है। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित अश्वनी नगर में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आजाद चौक थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 336(3), 340(2) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।