अभनपुर के नायब तहसीलदार का बीच सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन और आतिशबाजी का वीडियो हुआ वायरल, उठे सवाल

अभनपुर के नायब तहसीलदार का बीच सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन और आतिशबाजी का वीडियो हुआ वायरल, उठे सवाल
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे अभनपुर क्षेत्र से एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी की लापरवाही और मनमानी का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में अभनपुर के नायब तहसीलदार विपिन पटेल बीच सड़क पर अपनी गाड़ी रोककर जन्मदिन मनाते हुए नजर आ रहे हैं। इस सेलिब्रेशन के दौरान न केवल सड़क पर केक काटा गया, बल्कि जमकर आतिशबाजी भी की गई और बॉलीवुड गाने पर सोशल मीडिया के लिए रील भी बनाई गई, जिससे आम जनता और यातायात सुरक्षा के नियमों को ताक पर रख दिया गया।

सड़क के बीचों-बीच इस तरह से बर्थडे पार्टी मनाने और आतिशबाजी करने के इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले की कार्यशैली और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गौरतलब है कि सड़क पर इस तरह से हुड़दंग मचाने और जन्मदिन मनाने के मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहले ही बेहद सख्त रुख अपना चुका है और इसके खिलाफ स्पष्ट निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके बावजूद एक जिम्मेदार प्रशासनिक पद पर बैठा अधिकारी ही जब नियमों की धज्जियां उड़ाता नजर आए, तो आम नागरिकों में इसे लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

फिलहाल इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद जिला प्रशासन या शासन स्तर पर किसी आधिकारिक बयान या कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म्स पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस मामले में उच्च अधिकारियों द्वारा संज्ञान लेते हुए संबंधित नायब तहसीलदार के खिलाफ क्या और किस तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाती है।