रायपुर में लूट : आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर सुपरवाइजर से 1.27 लाख रुपए लूटकर फरार

रायपुर में लूट : आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर सुपरवाइजर से 1.27 लाख रुपए लूटकर फरार

मोतीनगर में कचना खेल मैदान के पास वारदात, बाइक सवार दो बदमाश मोबाइल भी छीनकर भागे

रायपुर। त्योहारी सीजन के बीच राजधानी में लूट की वारदात सामने आई है। विधानसभा थाना क्षेत्र के मोतीनगर में गुरुवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने गैस एजेंसी के सुपरवाइजर की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर 1.27 लाख रुपए लूट लिए। बदमाश सुपरवाइजर का मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए।

घटना शाम करीब 5:30 बजे कचना खेल मैदान के पास हुई। वारदात के समय सुपरवाइजर पन्नालाल के साथ गैस एजेंसी में हमाली का काम करने वाले कामता धीवर भी मौजूद थे। बाइक पन्नालाल चला रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और लूटपाट कर भाग निकले।

*सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस*

घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी, थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके।