छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र का आज अंतिम दिन, विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर होगी चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज पांचवां और अंतिम दिन है। सत्र के आखिरी दिन सदन में राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं, क्योंकि विपक्ष द्वारा सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल, शासकीय और अशासकीय कार्यों के साथ-साथ अविश्वास प्रस्ताव पर विस्तृत बहस भी निर्धारित है, जो देर शाम तक चल सकती है।
सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल सदस्यों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देंगे। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी स्थानीय निकायों से संबंधित नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे।
वहीं विधायक गोमती साय, धर्मजीत सिंह और भैयालाल राजवाड़े विभिन्न समितियों के प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे।
अविश्वास प्रस्ताव पर होगी अहम बहस
सत्र के अंतिम दिन नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर तीखी बहस होने की संभावना है। मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्य भी सरकार का पक्ष रखते हुए विपक्ष के आरोपों का जवाब देंगे।
कांग्रेस ने मानसून सत्र के दूसरे दिन राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए उस पर चर्चा के लिए 17 जुलाई की तिथि निर्धारित की थी।
राज्य गठन के बाद दसवां अविश्वास प्रस्ताव
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद विधानसभा में यह दसवां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले सरकारों के खिलाफ लाए गए नौ अविश्वास प्रस्ताव सदन में बहुमत नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो सके थे। वर्तमान विधानसभा में भी भारतीय जनता पार्टी के स्पष्ट बहुमत को देखते हुए प्रस्ताव के पारित होने की संभावना कम मानी जा रही है। हालांकि, विपक्ष इसे सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने और अपनी बात मजबूती से रखने के अवसर के रूप में देख रहा है।
सत्र के अंतिम दिन सदन की कार्यवाही और अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली बहस पर प्रदेश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।

admin 




