दुर्ग में स्वाइन फ्लू के 7 नए मरीज मिले, एक्टिव केस बढ़कर 16 हुए

दुर्ग में स्वाइन फ्लू के 7 नए मरीज मिले, एक्टिव केस बढ़कर 16 हुए

दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। 5 सितंबर को 7 नए मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। सभी नए मरीजों का निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

इससे एक दिन पहले 4 सितंबर को भी 4 नए स्वाइन फ्लू मरीज मिले थे। वर्तमान में 16 एक्टिव मरीजों में से 9 अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 7 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।

अस्पताल में भर्ती मरीजों में 4 का इलाज स्पर्श हॉस्पिटल, 4 का हाईटेक हॉस्पिटल और 1 मरीज का पल्स अस्पताल भिलाई में चल रहा है। नए पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से कांटेक्ट ट्रेसिंग और नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए जिले में 23 आइसोलेशन वार्ड तैयार किए गए हैं। इनमें कुल 158 बिस्तर आरक्षित रखे गए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 5 अगस्त से अब तक जिले में स्वाइन फ्लू के कुल 33 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 17 मरीज स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।