शराब पीने से मना किया तो भड़का पति, पत्नी के सिर पर हथौड़े से किए कई वार

शराब पीने से मना किया तो भड़का पति, पत्नी के सिर पर हथौड़े से किए कई वार

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर हथौड़े से हमला कर दिया। शराब पीने से मना करने पर आरोपी पति कथित तौर पर इतना भड़क गया कि उसने पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 

मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसमुंडी का है। पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की रात 36 वर्षीय चम्मन लाल साहू शराब के नशे में घर पहुंचा था। पत्नी किरण साहू ने उसे शराब पीने से मना किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चम्मन लाल ने लोहे का हथौड़ा उठाकर पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गया। 

घायल महिला को अस्पताल में कराया भर्ती

घटना की सूचना पर परिजनों ने डायल-112 को जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड पहुंचाया। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। 

आरोपी गिरफ्तार, हथौड़ा जब्त

पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश के बाद पुलिस ने चम्मन लाल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे का हथौड़ा और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं। 

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है, जबकि घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है।