स्कूल के मुख्य गेट पर बंधी मिली नींबू-मिर्ची, मचा हड़कंप
जालबांधा। ग्राम पंचायत बिजेतला के शासकीय प्राथमिक स्कूल के मुख्य गेट पर शिक्षक दिवस के दिन नींबू-मिर्ची बंधी मिलने से बच्चों और अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया। घटना के बाद स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन इनमें केवल लाइव दृश्य दिखाई देता है। कैमरों में रिकॉर्डिंग की सुविधा काम नहीं करने की बात सामने आई है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में जांच के लिए फुटेज उपलब्ध नहीं होने की आशंका है।
मुख्य गेट पर नींबू-मिर्ची बांधे जाने की घटना को लेकर ग्रामीणों ने इसकी जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उनका कहना है कि मामले को हल्के में लेने के बजाय स्कूल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए।
अभिभावकों और ग्रामीणों ने सीसीटीवी कैमरों की तकनीकी जांच कराने और रिकॉर्डिंग व्यवस्था तत्काल शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल बच्चों के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण वाला स्थान होना चाहिए, इसलिए सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
admin



