कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल : सुखदेव भगत छत्तीसगढ़ के नए प्रभारी, भूपेश बघेल को असम की जिम्मेदारी

कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल : सुखदेव भगत छत्तीसगढ़ के नए प्रभारी, भूपेश बघेल को असम की जिम्मेदारी

रायपुर। कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के प्रभारी महासचिवों की नियुक्ति की है। पार्टी ने सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम का AICC महासचिव प्रभारी बनाया गया है।

कांग्रेस ने सचिन पायलट को पंजाब का महासचिव प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है। सुरजेवाला को गुजरात के साथ कर्नाटक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

इसके अलावा डॉ. सिरीवेला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्रप्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है। कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इन नियुक्तियों की जानकारी दी। संगठन में हुए इस फेरबदल को आगामी चुनावों और राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।