वेज बिरयानी में मिला चिकन और हड्डी का टुकड़ा, ग्राहक ने रेस्टोरेंट के खिलाफ की शिकायत

वेज बिरयानी में मिला चिकन और हड्डी का टुकड़ा, ग्राहक ने रेस्टोरेंट के खिलाफ की शिकायत

रायगढ़। शहर के शहीद चौक स्थित जेके रेस्टोरेंट में वेज बिरयानी में कथित तौर पर चिकन का टुकड़ा और हड्डी मिलने का मामला सामने आया है। घटना से नाराज ग्राहक ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही खाद्य विभाग और कलेक्टर से भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग करने की तैयारी है।

पीड़ित आशुतोष सिंह के अनुसार, वह पूरी तरह शाकाहारी हैं और रेस्टोरेंट में वेज भोजन के साथ वेज बिरयानी का ऑर्डर किया था। भोजन के दौरान बिरयानी में चिकन का टुकड़ा और हड्डी का हिस्सा दिखाई दिया। इसे देखकर उन्होंने तत्काल रेस्टोरेंट कर्मचारियों से शिकायत की।

आशुतोष सिंह का आरोप है कि विरोध करने पर रेस्टोरेंट स्टाफ और संचालक विजय खत्री ने गलती स्वीकार करते हुए उनसे माफी मांगी। हालांकि, उनका कहना है कि मामला केवल भोजन में हुई गलती तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उनकी धार्मिक आस्था और भावनाएं भी आहत हुई हैं।

ग्राहक ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि वे खाद्य विभाग और रायगढ़ कलेक्टर के समक्ष भी शिकायत करेंगे। मामले में संबंधित विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वेज बिरयानी में मांस का टुकड़ा किस परिस्थिति में पहुंचा।