छत्तीसगढ़ में पहली बार 10 किलो वाला सिलेंडर, कीमत 730 रुपए तक एप से होगी बुकिंग; 15 से शुभारंभ

छत्तीसगढ़ में पहली बार 10 किलो वाला सिलेंडर, कीमत 730 रुपए तक एप से होगी बुकिंग; 15 से शुभारंभ
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में ऐसा पहली बार होगा जब लोगों को 10 किलो वाला बेहद हल्का सिलेंडर ऑन डिमांड मिलेगा। यानी पेट्रोलियम कंपनियों के एप में ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद केवल चार घंटे में सिलेंडर घर भेज दिया जाएगा। आम सिलेंडरों की तुलना में ये बेहद हल्का है। इसे आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है। इतना ही नहीं सिलेंडर पारदर्शी है। इसमें दिखाई देता है कि अंदर कितनी गैस बाकी है।
15 अगस्त से यह नई सुविधा सबसे पहले रायपुर में शुरू की जाएगी। इसके बाद राज्य के सभी जिलों में इसे लागू किया जाएगा। नया गैस सिलेंडर बुकिंग कराने के लिए लोगों को करीब 3000 रुपए देने होंगे। इसके अलावा 250 रुपए रेगुलेटर के लिए जाएंगे। सिलेंडर की रकम रिफंडेबल होगी। यानी जब कनेक्शन कैंसिल कराएंगे उस समय रकम वापस कर दी जाएगी। एक तरह से ये रकम सिलेंडर के बदले अमानत के तौर पर रखी जाएगी। रायपुर में एक रिफिल की कीमत 715 से 730 रुपए तक होगी।
जिले में जिन लोगों के पास पहले से घरेलू सिलेंडर है वो भी इसे ले सकते हैं। यानी ये सिलेंडर अमानत राशि देकर कोई भी ले सकता है। नया सिलेंडर लेने के लिए केवल आधार कार्ड, नया फॉर्म और एक शपथ पत्र देना होगा। इमरजेंसी में यह सिलेंडर बेहद काम आएगा। इसके अलावा अकेले रहने वालों या कहीं बाहर पिकनिक जाने वालों के लिए भी सिलेंडर बेहद काम का है। आसानी से इसकी उपलब्धता होने की वजह से इसे कोई भी ले सकता है। कंपनी वालों का मानना है कि इससे आपातकालीन स्थिति में भी सिलेंडरों की जरूरत खत्म होगी।