परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर नाबालिग छात्रा पर संबंध बनाने का दबाव, शिक्षक गिरफ्तार

परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर नाबालिग छात्रा पर संबंध बनाने का दबाव, शिक्षक गिरफ्तार

राजनांदगांव। जिले के गैंदाटोला थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने 48 वर्षीय आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले छात्रा को विज्ञान विषय में पूरक की पात्रता मिली थी। वह पूरक परीक्षा की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान ग्राम के पूर्व सरपंच के बेटे रमीश कुरैशी से हुई। आरोप है कि रमीश ने उसे परीक्षा में पास कराने का आश्वासन दिया और उसकी पहचान विज्ञान शिक्षक तिलक यादव से कराई।

आरोप है कि शिक्षक तिलक यादव ने भी छात्रा को विज्ञान की पूरक परीक्षा में पास कराने का भरोसा दिया और इसके बदले उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। इससे छात्रा मानसिक रूप से परेशान रही।

शिकायत के आधार पर गैंदाटोला पुलिस ने आरोपी शिक्षक तिलक यादव, निवासी ग्राम तेलगान, के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने रमीश कुरैशी के खिलाफ मोबाइल पर अश्लील कमेंट करने की शिकायत भी दर्ज कराई है। रमीश फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।