अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, उत्तरी हिस्से में वज्रपात की चेतावनी

अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, उत्तरी हिस्से में वज्रपात की चेतावनी

अब तक 17 प्रतिशत कम बरसा पानी

रायपुर (चैनल इंडिया)। तीन दिन के ब्रेक के बाद प्रदेश में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट भी है।

हालांकि अब तक प्रदेश में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है। तापमान की बात करें तो रायपुर 32 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आज बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार अभी भी सामान्य से पीछे चल रही है। एक जून से आठ जुलाई तक प्रदेश में औसतन 239.2 मिमी (9.4 इंच) बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 286.7 मिमी (11.2 इंच) होनी चाहिए थी। यानी पूरे प्रदेश में अब तक 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि कई जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे अधिक भीगा है, जहां 450.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य से 84 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा दंतेवाड़ा, मुंगेली, सक्ती, महासमुंद, रायपुर और जांजगीर-चांपा में भी सामान्य से अधिक बारिश हुई है।