युवक की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने दोस्तों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का लगाया आरोप 

युवक की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने दोस्तों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का लगाया आरोप 

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि शराब पार्टी के बहाने साथ ले गए युवकों ने विवाद के बाद उनके बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने सात दिनों तक जिंदगी के लिए संघर्ष किया, लेकिन रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस पर जांच में लापरवाही तथा आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, घटना सुयश अस्पताल के पीछे स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक खाली मैदान की है। परिजनों का कहना है कि कुछ युवक उनके बेटे को शराब पार्टी के बहाने अपने साथ लेकर गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सात दिनों तक उसका इलाज चलता रहा। रविवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

इधर, मामले को लेकर पुलिस का पक्ष अलग है। डीसीपी रोबिनसन गुड़िया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक अपने दोस्तों के साथ एक स्कूटी में आग लगाने गया था। इसी दौरान वह खुद आग की चपेट में आ गया। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां और जिम्मेदारों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।